राजौंद। राजौंद क्षेत्र के गांव किठाना में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। पावर हाउस से हर घंटे लग रहे कटों के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूरी रात गांव में बिजली की अघोषित कटौती जारी रही। गर्मी के इस मौसम में बिजली न होने से हालात और भी विकट हो गए। बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवारों ने तो घरों के बाहर खुले में बैठकर रात गुजारी, ताकि थोड़ी बहुत राहत मिल सके। ग्रामीण मनोज कुमार,अमन, मंदीप, नरेश और बलबीर ने बताया कि पावर हाउस से हर घंटे बिजली कट लगने से दिन में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है। रात में बार-बार बिजली जाने से इनवर्टर और अन्य उपकरण भी जवाब दे रहे हैं। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह की अघोषित कटौती करना सरासर गलत है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए, ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।