गुहला-चीका। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को चीका के डेरा भाग सिंह में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दबिश देकर नशीली गोलियां बरामद की है। ड्रग इंस्पेक्टर चेतन वर्मा व गुहला अस्पताल के डॉ. अमन बंसल सहित कई कर्मचारी गुहला पुलिस के साथ डेरा भाग सिंह में चल रहे संधू मेडिकल मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
टीम ने मेडिकल स्टोर चलाने के संबंध में संचालक बलविंद्र सिंह से लाइसेंस मांगा तो वह लाइसेंस नहीं दिखा पाया। इसके बाद विभाग की टीम ने जांच की तो वहां कुछ नशीली दवाइयों के साथ बड़ी मात्रा में ऐसी दवाएं बरामद हुईं, जिनको बेचने के लिए संचालक के पास लाइसेंस नहीं था।
डॉ. अमन बंसल ने बताया कि बरामद की गई प्रतिबंधित दवाइयों को कब्जे में ले लिया गया है और स्टोर संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए गुहला थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। ड्रग इंस्पेक्टर चेतन वर्मा ने कहा कि कोई भी मेडिकल स्टोर संचालक डॉ. की पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाइयां ना बेचे। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ मूल से समाप्त करने के लिए विभाग पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संवाद