संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। गुहला के सरकारी अस्पताल से शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड मशीन आनन-फानन में उठा ली। इसे स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के आदेशों पर टोहाना में भेजा गया है।
गौरतलब है कि इस मशीन के संचालन के लिए यहां पर कोई भी रेडियोलॉजिस्ट नहीं था। इसके चलते यह मशीन किसी मरीज के काम नहीं आ रही थी। यह मशीन मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत ही चीका में सरकारी अस्पताल में लाई गई थी। मिली जानकारी अनुसार टोहाना के सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं थी। वहां के विधायक व मंत्री की मांग को देखते हुए ही यहां से मशीन को उठवाकर वहां भेजा गया है। यह जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। लोगों ने मांग की है कि उनकी अल्ट्रासाउंड मशीन को तुरंत चीका में वापस भेजा जाए।
इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन को टोहाना भेजा गया है, क्योंकि वहां मशीन चलाने के लिए रेडियोग्राफर मौजूद थे। जबकि गुहला में यह पद खाली है।
उन्होंने बताया कि मशीन को टोहाना भेजने के लिए स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक कार्यालय से आदेश जारी हुए थे। इसके बाद ही मशीन को टोहाना भेजा गया है। चीका में जल्द ही नई मशीन आ जाएगी।