संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेश के सात जिलों के रेल यात्रियों का लंबे इंतजार अब खत्म हो गया है। 27 सितंबर शनिवार को यह ट्रेन उदयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी। 28 सितंबर रविवार को यह सुबह 6:12 बजे कैथल स्टेशन पर पहुंचेगी। स्टेशन पर दैनिक यात्री कल्याण समिति की ओर से इसका स्वागत किया जाएगा। सप्ताहिक शेडयूल के अनुसार यह ट्रेन कैथल में वीरवार को भी पहुंचा करेगी।
उत्तर रेलवे ने मंगलवार शाम को गाड़ी संख्या 20989/20990, उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शेड्यूल जारी किया। इसके अनुसार 20989 ट्रेन उदयपुर सिटी से चंडीगढ़ के लिए 27 सितंबर को चलेगी और 20990 ट्रेन चंडीगढ़ से 28 सितंबर से संचालन में आएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। उदयपुर जंक्शन से सुबह 4:05 बजे रवाना होने वाली ट्रेन कैथल में 28 सितंबर को सुबह 6:12 बजे पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 9:50 बजे चंडीगढ़ से वापस आएगी। यह राजस्थान और चंडीगढ़ को जोड़ने वाली दूसरी ट्रेन है जो हरियाणा के सात जिलों- रोहतक, जींद, कैथल, अंबाला, कुरुक्षेत्र, नरवाना व अन्य को कवर करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को राजस्थान के बांसवाड़ा से दो वंदे भारत एक्सप्रेस और एक सुपरफास्ट ट्रेन के साथ इस एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे। इस ट्रेन से पर्यटक, श्रद्धालु और कारोबारी लाभान्वित होंगे। मेहंदीपुर बालाजी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधी सुविधा उपलब्ध होगी। राजस्थान के लोग आसानी से चंडीगढ़ और हिमाचल की वादियों की यात्रा कर पाएंगे।
ट्रेन में होंगे 20 एलएचबी कोच ः ट्रेन में सात थर्ड एसी, दो सेकंड एसी, सात स्लीपर क्लास और चार जनरल कोच शामिल हैं। यह 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है।
यहां पर रुकेगी
n
ट्रेन कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, झज्जर, अलवर, राजगढ़, बांदीकुई जंक्शन, दौसा, गांधीनगर, फुलैरा, किशनगढ़, अजमेर, बीजानगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया, कपासन, मालवी और राणा प्रताप नगर स्टेशनों पर रुकेगी।
28 सितंबर को कैथल स्टेशन पर सुबह 6:12 बजे पहुंचने वाली इस ट्रेन का स्वागत दैनिक यात्री कल्याण समिति द्वारा किया जाएगा। ट्रेन के संचालन से राजस्थान और चंडीगढ़ के बीच यात्रा सरल और सुविधाजनक होगी। -नरेंद्र शर्मा, स्टेशन सुपरवाइजर