संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 19 में बनी मुख्य सड़क मात्र दो साल के समय में बदहाल हो गई। इससे सेक्टर के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह से कंकरीट उखड़ गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। रोजाना कोई न कोई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहा है।
इस समय बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढों में पानी जमा होने से दुर्घटनाएं ज्यादा सामने आ रही हैं। यहीं वहीं सेक्टर में अंदर की सड़कों की भी ऐसी ही हालत है। इस सड़क का निर्माण वर्ष 2022 में किया गया था। इसके निर्माण पर 20 लाख रुपये से ज्यादा राशि खर्च की गई थी। हालांकि निर्माण के समय दावा किया गया था कि अब पांच साल तक सड़क खराब नहीं होगी, लेकिन मात्र दो साल में ही सड़क की हालत खस्ता हो गई है। सड़क का करीब आधा किलोमीटर का हिस्सा तो पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गया है।
ईओ कुलदीप मलिक ने कहा कि अभी आचार संहिता जारी है। ऐसे में शहर में नए काम नहीं करवाए जा सकते हैं। आचार संहिता हटने के बाद निर्माण कार्य करवाने के लिए योजना बनाई जाएगी।
शाम के समय बुजुर्ग भी सड़क पर टहलने के लिए जाते हैं। कई बार तो गड्ढों के कारण गिरकर चोटिल हो जाते हैं। लाइटों का प्रबंध भी सही नहीं हैं, जिससे रात में गड्ढे दिखाई तक नहीं देते। - कृष्ण कुमार, सेक्टरवासी
सरकारी स्कूल के पास सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से बातचीत करते हैं तो वे फिलहाल कार्य बंद रहने की बात करते हैं। पहले लोकसभा चुनाव को बाद सड़क बनाने की बात कही गई, अब विधानसभा चुनाव के बाद काम को कहा जा रहा है। - शशि कालड़ा, सेक्टरवासी