संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एक युवक पर जानलेवा हमला करने के एक मामले में पुलिस ने 16 व 17 वर्षीय दो किशोरों को पकड़ा है। जांच के दौरान किशोरों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो पेचकस बरामद किए गए हैं। पूछताछ के बाद दोनों किशोर बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिए। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अर्जुन नगर कैथल निवासी मनीष ने शिकायत दी थी कि उसकी गांव गदली में मेडिकल की दुकान है। नौ जून की शाम सोनू का सिरटा रोड कैथल निवासी किशोर से झगड़ा हो गया। उस समय उनका आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करवा दिया। इसके बाद सोनू अपने घर चला गया। उसी दिन वह रात को करीब 10 बजे कार से सोनू से मिलने के लिए उसके घर पट्टी अफगान गया था। दुकान पर आते समय सिरटा रोड के पास दो किशोरों ने उनकी कार के आगे मोटरसाइकिल अड़ा दी और दो अन्य लडक़ों के साथ मिलकर उन पर पेचकस व गंडासी से हमला कर दिया। आरोपियों ने गंडासी से सोनू के सिर पर कई वार किए और उन्हें डंडे से पीटा। जब वे बेहोश हो गए तो आरोपी उनको मरा हुआ समझकर मौके से हथियारों सहित फरार हो गए। किसी तरह से वह अपने दोस्त सोनू को गाड़ी में डालकर सरकारी अस्पताल में पहुंचा। आरोपी जाते-जाते गाड़ी के डेस्क बोर्ड से 44150 रुपये, कागजात व उसके पर्स से सात हजार रुपये भी ले गए। इस बारे में थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था।
चुनावी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चुनावी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी सौंगल निवासी पवन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव सौंगल निवासी शीशपाल की शिकायत के अनुसार उसकी पुत्रवधू ने इस बार सरपंच का चुनाव लड़ा था। इसमें वे चुनाव हार गए थे। चुनाव में हार की वजह से दूसरे हारे हुए उम्मीदवार के परिवार से सुनील उर्फ सीना व उसके परिवार वाले उनसे रंजिश रखने लगे। छह जून को वह करीब आठ-नौ बजे अपने घर के सामने गांव के बस स्टैंड पर टहल रहा था। इसी बीच सुनील उर्फ सीना व पौनी उर्फ बकरा, बागा, राहुल व जोनी ने तीन-चार अन्य लोगों के साथ हाथों में तलवार व गंडासियां लेकर उस पर हमला कर दिया। उसने शोर मचाने पर आरोपी उन्हें धमकी दे फरार हो गए। इस बारे में थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी से पूछताछ जारी है।
गांजा और शराब सहित महिला तस्कर काबू
कैथल। पुलिस ने एक महिला आरोपी को काबू करके उसके कब्जे से 355 ग्राम गांजा और 14 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस कांगथली बस अड्डे पर मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि कांगथली निवासी पोली देवी अपने घर पर शराब बेचती है। पुलिस ने पोली देवी के मकान पर दबिश देकर उसे काबू कर लिया। जांच के दौरान उसके कब्जे से 14 बोतल हथकढ़ी शराब व एक पॉलीथिन से 355 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के बाद आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दी है।
दो आरोपी काबू, दो देसी कट्टे व दो कारतूस बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दो अलग अलग दो मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। उनके कब्जे से दो देसी कट्टे व दो कारतूस बरामद किए हैं। एसपी अभिषेक जोरवाल ने बताया कि पुलिस बाता गांव के पास मौजूद थी। वहां सूचना प्राप्त हुई कि हजवाना निवासी जोगा उर्फ डोन जिस पर पहले ही आपराधिक मामले दर्ज हैं, अब वह जमानत पर आया हुआ है। उसके पास अवैध असला है, जो बाता चौशाला रोड पर किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है। पुलिस ने उक्त स्थान पर दबिश देकर जोगा को काबू कर लिया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि एक अन्य मामले में पुलिस ने एक सूचना मिलने के बाद नरवलगढ़ टी-प्वाइंट पर नाका लगाया। वहां पर कुछ समय बाद एक बाइक पर नरवलगढ़ साइड से आए पाई निवासी अनिल उर्फ नीली को काबू कर लिया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी को गिरफ्तार करके बाइक जब्त की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि 11 जून को उन्होने पाई में अमन के घर पर फायरिंग की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी जोगा पर 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी सोमवार को न्यायालय में पेश किए गए, जहां से आरोपी अनिल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ के लिए आरोपी जोगा का एक दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है।
नियमों को अनदेखा करने वाले वाहन चालकों के काटे चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने व यातायात हादसों से बचाव के लिए गलत लेन व कम आयु में वाहन चलाने वाले चालकों के चालान किए। साथ ही उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने गलत दिशा के 86 व कम आयु वाले चालकों के 10 चालान काटे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान में जिला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर आमजन को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।