गुहला-चीका/कैथल। गुहला में बाढ़ के खतरे के बीच मंगलवार शाम के समय गांव खरौदी में दो किशोरों की एक गड्ढे में डूबने से मौत हो गई जबकि उनके दो अन्य साथी डूबने से बाल-बाल बच गए।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार चारों बच्चे गांव भूना नहर में नहाने के लिए गए थे। वहां नहर के आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें नहाने नहीं दिया और वहां से भगा दिया। उन्होंने गांव में ही बन रहे एक मकान के पानी से भरे गड्ढे को देखा और उसमें नहाने का फैसला किया। उस समय मकान के पास कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाते हुए चारों बच्चों ने पानी में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गड्ढा गहरा होने व उसमें दलदल के चलते 10 वर्षीय अमन व 11 वर्षीय अंकित पानी से बाहर नहीं निकल सके। वहीं, संयोगवश अन्य दो किशोर गड्ढे से तुरंत बाहर निकल गए। इस कारण उनकी जान बच गई। गड्ढे से बाहर निकले दोनों बच्चों ने शोर मचाया। इसके बाद वहां लोग एकत्रित हो गए। तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों बच्चे दम तोड़ चुके थे। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल पसरा है।
रोडवेज की बसें बंद
बारिश के कहर से मंगलवार को कैथल का अब पंजाब व चंडीगढ़ का संपर्क टूट चुका है। हालात देखते हए रोडवेज ने लंबे रूटों पर बस सेवा को बंद कर दिया है।