तीर्थ से शवों को निकालते स्थानीय युवा
कलायत के सरोवर में कूदकर दो बहनों ने दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत (कैथल)। कलायत में मंगलवार सुबह दो सगी बहनों पलक (20) और परमजीत (18) ने कपिल मुनि तीर्थ के गहरे पानी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। वार्ड नंबर-1 रेलवे रोड स्थित कुलवंत नगर निवासी दोनों बहनों के शव कपिल मुनि तीर्थ परिसर से बरामद किए गए। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बहनें मंगलवार तड़के करीब 5:15 बजे पौराणिक श्री कपिल मुनि मंदिर तीर्थ पहुंचीं। फिर दोनों ने पहले अपनी चप्पलें किनारे उतारीं और फिर रेलिंग पार कर गहरे पानी में छलांग लगा दी। कुछ समय बाद तीर्थ परिसर में उनके पानी में डूबने की सूचना मिली। घटना का पता चलते ही परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मां भी बदहवास हालत में कपिल मुनि तीर्थ पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने भी दुख और सदमे में पानी में छलांग लगा दी। इस बीच मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां मौजूद लोगों ने उन्हें किसी प्रकार संभाला।
पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि उनके पांच बच्चों में चार बेटियां और एक लड़का है। बड़ी बेटी पलक गैस एजेंसी में कार्यरत थी, जबकि छोटी बेटी परमजीत बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। सोमवार रात परिवार में पलक का जन्मदिन मनाया गया था और मंगलवार को उसकी परीक्षा भी थी। परिजनों के अनुसार, रात में घरेलू कामकाज को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि वे दोनों इतना बड़ा कदम उठा लेंगी।