संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। फर्जी बैंक खाते खुलवाकर बड़े स्तर पर ठगी करने वाले गिरोह के दो और गुर्गों को पुलिस ने दबोचा है। इनमें आरोपी नेहरू नगर दिल्ली निवासी कर्ण व पाबला जिला समस्तीपुर बिहार निवासी राहुल शामिल हैं।
पुलिस ने एक को जेल भेज दिया है वहीं दूसरे को पूछताछ के लिए चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इसी गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सात मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली निवासी राहुल, निसिंग निवासी राजेंद्र उर्फ टिटू, दीपक, पंकज, अशोक उर्फ शोकी व अन्य व्यक्ति मिलकर लोगों को अपनी बातों में उलझाकर उनको पैसों का लालच देते हैं और धोखाधड़ी से उनकी आईडी पर सिम लेते थे।
इसके बाद बैंक में खाता खुलवा कर बैंक से एटीएम व चेक बुक जारी करवा लेते हैं। सिम कार्ड को बैंक खाते के साथ अटैच करवाया जाता है, जिसका प्रयोग अपराधों के लिए किया जाता है।
पुलिस टीम ने सात मई को पिहोवा चौंक कैथल के पास से कार से निसिंग निवासी अशोक, पंकज व दीपक को काबू किया था। उनके कब्जे से मोबाइल फोन, सिम व मोबाइल में संदिग्ध रिकॉर्डिंग व संदिग्ध दस्तावेजों की फोटो मिली।
उनके कब्जे से बैंक कापी, एटीएम कार्ड व चेक बुक भी बरामद हुई। सभी आरोपी साथियों के साथ मिलकर लोगों को पैसे का लालच देकर धोखे से सिम कार्ड, बैंक खाता, एटीएम कार्ड व चैक बुक प्राप्त करके अपराध करते हैं।
आरोपी कर्ण व राहुल भी इसी गिरोह में शामिल हैं। कब्जे से दो फोन बरामद किए है। आरोपी कर्ण को जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने राहुल को न्यायालय में पेश कर चार दिन की रिमांड पर लिया है।