कैथल। आंधली गांव में एक दुकान पर तीन महिलाओं से मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीनने वाले पंजाब बठिंडा के गांव भगता निवासी 17 वर्षीय दो नाबालिग आरोपी पुलिस ने काबू कर लिए। प्रवक्ता ने बताया कि आंधली निवासी परमजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 20 सितंबर को शाम के करीब सात बजे वह, उसकी माता और उसकी भाभी उनकी करियाने की दुकान पर बैठे हुए थे। उसी समय एक बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात लड़के आए। उनकी दुकान से कुछ सामान खरीदा। तभी एक लड़के ने दुकान की दराज से 4860 रुपये व मोबाइल निकाल लिया।
जब उन्होंने उनको रोकने का प्रयास किया तो दोनों उनके साथ मारपीट कर मौके से भाग निकले। थाना सदर में इस संबंध में केस दर्ज कराया गया था। नाबालिगों से मोबाइल व नकदी बरामद की गई व वारदात में प्रयोग बाइक पुलिस ने कब्जे में ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
भगोड़ा अपराधी काबू
कैथल। पुलिस ने भगोड़े अपराधी गाजीपुर जिला पटियाला पंजाब निवासी गुरसेवक उर्फ सीबा को काबू कर लिया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पर वर्ष 2020 के दौरान शराब पीकर हुड़दंग बाजी करने का आरोप है। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी गुरसेवक इस मामले में न्यायालय से जमानत हासिल करने बाद दोबारा हाजिर नहीं हुआ था। आरोपी को न्यायालय ने आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में 31 अगस्त 2022 को भगोड़ा घोषित कर दिया था। न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जेल में भेज दिया गया।