ढांड/ कैथल। पबनावा टोल ढांड के पास 152 डी पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। कार में सवार पल्लवी सक्सेना ने अनुसार हादसा उस समय हुआ जब जयपुर से चंडीगढ़ जा रही कार आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। इस दाैरान ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक लेन बदल दी, जिससे कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। सूचना मिलते ही ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए कैथल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बाद में दो घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।
बीकानेर निवासी पल्लवी सक्सेना ने ढांड पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने भाई मिहिर सक्सेना, तुषार सक्सेना और उनके सर राजेश कुमार शर्मा के साथ 14 अगस्त की शाम करीब छह बजे जयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थीं। सभी लोग राजेश कुमार शर्मा की होंडा अमेज कार में सवार थे। कार तुषार सक्सेना चला रहे थे। रात करीब 12 बजे पबनावा टोल ढांड के पास उसने मोबाइल नेविगेशन में लोकेशन देखी। कार के आगे एक ट्रक चल रहा था। ट्रक चालक कभी एक लेन तो कभी दूसरी लेन में वाहन चला रहा था और लेन बदलते समय इंडिकेटर का इस्तेमाल नहीं कर रहा था।
पल्लवी के मुताबिक तुषार ने ट्रक को ओवरटेक करने के लिए कार आगे बढ़ाई। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक ट्रक को कार के आगे कर दिया। इससे कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार चारों लोगों को चोटें आईं और वह भी बेहोश हो गईं। बाद में होश आने पर पल्लवी को पता चला कि हादसे में उनके भाई 22 वर्षीय मिहिर सक्सेना और 48 वर्षीय राजेश कुमार शर्मा की मौत हो चुकी है। उसका और तुषार का इलाज रोहतक स्थित पीजीआई में चल रहा है।
15 अगस्त को पुलिस टीम पीजीआई रोहतक पहुंची। चिकित्सक से राय लेने के बाद पल्लवी को बयान देने के लिए फिट घोषित किया गया, जबकि तुषार को बयान के लिए अनफिट बताया गया। इसके बाद पुलिस ने पल्लवी को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने पल्लवी की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हादसे की सूचना पर रोहतक पहुंचे परिजनों ने बताया कि चारों एक मोबाइल कंपनी में काम करते थे और चंडीगढ़ में दूसरी कंपनी में इंटरव्यू देने के लिए जा रहे थे। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मिहिर की अभी तक शादी नहीं हुई थी। वहीं राजेश के परिवार के उसका बेटा व बेटी हैं।
ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि सड़क हादसे में घायल हुए दो अज्ञात व्यक्तियों की चोटों के कारण मौत हो गई है और शव सरकारी अस्पताल कैथल लाए गए हैं। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के बारे में जानकारी जुटाई। मौके पर उस समय कोई वारिस या प्रत्यक्ष दर्शी मौजूद नहीं मिला। बाद में पुलिस को हादसे में घायल पल्लवी और तुषार के पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन होने की जानकारी मिली। इसके बाद जांच टीम वहां पहुंची और पल्लवी का बयान दर्ज किया और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। संवाद
मिहिर सक्सेना
मिहिर सक्सेना