कैथल। गांव पीडल में साझी दीवार के विवाद में बुधवार देर शाम दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, गंडासियां और ईंट-पत्थर चले। इसमें एक युवती समेत करीब छह लोग घायल हो गए।
घायल युवती के सिर में गंडासी लगी, जबकि उसके माता-पिता को भी सिर और कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी ओर से भी एक महिला और एक पुरुष को मारपीट के दौरान चोटें लगी हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत देने की बात कही है। घायल ऋतु ने बताया कि उनके परिवार और चाचा के बीच एक साझी दीवार है, जिसे उनके दादा ने बनवाया था। आरोप है कि चाचा पक्ष दीवार को तोड़ रहा था। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। महिलाओं ने उसके बाल खींचे और ईंटों से वार किया, जबकि पुरुषों ने गंडासियों और लाठियों से चोट पहुंचाई। युवती ने आरोप लगाया कि पुलिस की डायल 112 नंबर पर चार बार फोन किया, पांचवीं बार में जाकर उसका फोन उठाया गया। तब तक उनके सिर पर चोट लग चुकी थी।
-
ऋतु की मां ने बताया कि पहले उनके साथ कहासुनी हुई और बाद में जब परिवार के सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। ऋतु के पिता वेदप्रकाश का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार विवाद कर चुके हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां देते रहे हैं।
वहीं दूसरे पक्ष के सोहन लाल ने सभी आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि वह अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी पड़ोसियों का कुत्ता उनके घर में घुस आया। उन्होंने कुत्ते को डंडा दिखाकर बाहर निकाल दिया जिसके बाद ऋतु, उसके माता-पिता उनके घर पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वेदप्रकाश ने उनका गला पकड़ लिया था, जिसे परिजनों ने छुड़वाया। सोहन लाल के अनुसार, कुछ देर बाद वेदप्रकाश के परिवार ने उनकी छोटी भतीजी के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्षों में तकरार हो गई और झगड़ा बढ़ गया। दीवार के लिए पहले भी विवाद रहा है और वे मामले की निशानदेही कराने की मांग करते रहे हैं। फिलहाल दोनों पक्षों के घायल नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
चीका थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर दी जाएगी।
हमले में घायल युवती के सिर में लगी चोट। संवाद- फोटो : 1
हमले में घायल युवती के सिर में लगी चोट। संवाद- फोटो : 1
हमले में घायल युवती के सिर में लगी चोट। संवाद- फोटो : 1