संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला/चीका। जिले में रविवार को आयोजित हुई सीईटी ग्रुप डी की परीक्षा में दो युवतियां किसी अन्य के स्थान पर पेपर देते हुए पकड़ी गई हैं। यह मामला गांव दुशेरपुर स्थित शारदा पब्लिक स्कूल का है। एनटीए की सुरक्षा में यह बड़ी चूक कैसे हो गई समझ से परे है। हालांकि लगभग आधे पौने घंटे के बाद एनटीए की टीम ने अपनी गलती सुधार ली और इस मामले की जैसी ही जानकारी उनके सिस्टम पर अपडेट हुई तो स्कूल प्रबंधन को सतर्क कर दिया।
इस संबंध में स्कूल के मालिक डॉक्टर रोशन मौदगिल ने कहा कि एजेंसी की ओर से बाकायदा बायोमीट्रिक लेकर उसके बाद एक स्टीकर लगा कर ही परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष के अंदर भेजा जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षार्थी के बायोमीट्रिक लेने के आधा से पौना घंटा बाद ही एनटीए के पास उसकी पूरी डिटेल जाती है। लगभग पौने दो घंटे तक जैमर ऑन होने के कारण नेटवर्क नहीं होता और जब प्रबंधन के मोबाइल फोन में नेटवर्क आया तो एजेंसी ने उन्हें इस बारे सूचित किया।
इस पर दोनों युवतियों को स्कूल में रोककर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पकड़ी गई दोनों ही युवतियों की ओर से अलग-अलग तरह के बयान दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि बायोमीट्रिक लेने वाली टीम अपनी तरफ से यह स्पष्ट करके चली गई कि दोनों युवतियों के बायोमीट्रिक नहीं मिल रहे हैं।
वही जब इस संबंध में गुहला थाना प्रभारी राजकरण से बात की गई तो उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग की ओर से जो भी रिपोर्ट दी जाएगी, उसके अनुरूप दोनों ही युवतियों को पुलिस की सुपुर्दगी के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में जिला पुलिस अधीक्षक उपासना से भी बातचीत की गई है। बहरहाल जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी वह की जाएगी। खबर लिखे जाने तक दोनों ही युवतियों से पूछताछ जारी थी, जिन्हें अंदर कमरे में बैठाया था। एसएचओ गुहला राजकरण ने बताया कि पुलिस को संबंधित कागजात मिल गए हैं, जिसके चलते युवतियों को हिरासत में लिया गया है।