संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एक व्यक्ति को हनीट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने के मामले में थाना चीका पुलिस ने दो महिला आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ के लिए पुलिस ने दोनों महिलाओं को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना चीका अंतर्गत एक गांव निवासी व्यक्ति की शिकायत अनुसार वह खेती करता है। उसकी उनके गांव निवासी महिला सुखदेव कौर के साथ करीब दो साल से जान-पहचान थी।
पीडि़त ने बताया कि आपसी सहमति से उनके बीच कई बार संबंध भी बन गए। 20 अक्तूबर को महिला ने उसे मिलने के लिए चीका बुलाया। वह चीका पहुंचा तो चीका में उसके साथ एक अन्य महिला भी थी। उस महिला ने कहा कि मेरी एक जानकार की कोठी है, वहां हम मिल सकते हैं।
शिकायत के अनुसार, एक अन्य महिला ने वहां मकान का गेट खोला तो वो अंदर चले गए। वहां एकदम से दो लड़के आ गए व कहने लगे यह हमारा घर है तुम यहां गलत काम कर रहे हो तथा उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही धमकी दी कि 15 लाख रुपये दे दो नहीं तो पुलिस को पकड़वा देंगे व बदनाम कर देंगे। वहां एक अन्य औरत आ गई व चिल्लाने लगी। उक्त लड़कों ने वीडियो बना लिया व कहा कि तेरी वीडियो वायरल कर देंगे।
फिर उन्होंने उसी समय चार लाख रुपये देने के लिए कहा। उन्होंने 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए व 50 हजार रुपये नकद ले लिए। आरोप है कि आरोपी औरत व लड़के बार -बार फोन करके उससे रुपये की मांग कर रहे थे। पीडि़त की ओर से इस बारे में चीका थाना में मामला दर्ज कराया गया था।
शिकायत पर पुलिस ने सिनेमा रोड चीका पर दबिश देकर मौके से 50 हजार रुपये लेते हुए आरोपी महिला सुखदेव कौर व अन्य महिला आरोपी सुनीता को काबू कर लिया। दोनों महिला आरोपियों का व्यापक पूछताछ सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है।