कैथल/कलायत। गांव बालू में शराब के ठेके में लगी आग के कारण दो व्यक्तियों के मरने से रात को करीब तीन बजे गांव में सनसनी फैल गई। आग लगने की सूचना पाकर आसपास के ग्रामीण और साथ लगते खेतों से किसान मौके पर पहुंच गए। हालांकि जिन दो व्यक्तियों की जलने से मौत हुई, वे दोनों ठेके के दूसरी तरफ बने बेडरूम में एक ही बेड पर जले हुए मिले। अंदर से कुंडी लगी हुई थी।
ठेके के दूसरी तरफ सो रहे सेल्समैन बिंदर ने धुआं उठते देख आग लगने की सूचना ठेकेदार सतपाल को दी तो वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड व पुलिस को दी। पुलिस मौके पर तुरंत पहुंच गई। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक छत जलकर नीचे गिर चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बेडरूम के साथ में रसोई में सिलिंडर भी रखा हुआ था, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। थाना कलायत प्रभारी बिलाशा राम ने बताया कि पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।
ठेकेदार सतपाल ने बताया कि घटना के बारे में उनके पास रात को दो बजकर 50 मिनट पर फोन आया था। उन्होंने अंदेशा जताया कि शराब ठेके में उसके पार्टनर कुराड़ निवासी ओमप्रकाश और रसोईये नेपाल निवासी भगत सिंह की हत्या कर उन्हें जलाया गया है।
दो साल से पार्टनर था ओमप्रकाश
गांव कुराड़ निवासी 40 वर्षीय ओमप्रकाश ठेके पर सतपाल का दो वर्ष से पार्टनर था। ओमप्रकाश की दो लड़कियां हैं। बड़ी प्रिंसी है, जो छह वर्ष की है। छोटी इशिका दो साल की है। उसका परिवार दो एकड़ जमीन पर खेती कर परिवार गुजर बसर करता है। ओमप्रकाश घर पर अकेला कमाने वाला था।
कैथल में ही किया भगत सिंह का संस्कार
ठेकेदार सतपाल ने बताया कि नेपाल निवासी भगत सिंह करीब डेढ़ वर्ष से रसोईया था। उसका भाई शहर कैथल में किसी होटल में काम करता है। करीब 40 वर्षीय भगत सिंह की दो लड़की व एक लड़का है। पोस्टमार्टम के बाद कैथल में ही भगत सिंह का दाह संस्कार किया गया।