संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए दो दिवसीय ट्रायल रविवार से शुरू हो गई है। अलग-अलग क्षेत्रों से खिलाड़ी इन ट्रायल में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। खेल विभाग के इन ट्रायलों का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में अवसर प्रदान करना है। पहले दिन सुबह से ही मैदान में खिलाड़ी पसीना बहाते दिखे।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ट्रायल्स में वॉलीबॉल, हैंडबाॅल, स्वीमिंग,बैडमिंटन,एथलेटिक्स, बास्केटबॉल सहित कई खेलों को शामिल किया गया है। खेल विभाग ने बताया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए अनुभवी प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह उनके प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर किया जाएगा।ट्रायल्स को लेकर खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कई युवा खिलाड़ियों ने कहा कि यह उनके लिए राज्य स्तर तक पहुंचने का सुनहरा अवसर है। विभागीय अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस बार जिले के कई खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करेंगे।
जिला खेल अधिकारी राज रानी ने बताया कि बास्केटबाॅल को सेक्टर 21 सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम, वालीबॉल इंडोर आउटडोर स्टेडियम पूंडरी, हैंडबॉल सेक्टर 21 सर छोटूराम इंडोर स्टेडियम, स्वीमिंग शैमराॅक स्कूल कैथल, बैडमिंटन नव्या बैडमिंटन अकादमी व एथलेटिक्स की ट्रायल डीएवी कॉलेज चीका में करवाई गई है।