संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। उप मंडल नागरिक अस्पताल के पास वर्षों से अधर में लटके भगवान परशु राम सामुदायिक केंद्र निर्माण कार्य योजना अब जल्द ही पूरी होगी। इसके लिए नगर पालिका ने करीब दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव शहरी स्थानीय निदेशालय को भेजा है। केंद्र के निर्माण को पूरा करने के लिए निरंतर मांग उठती रही है।
सामुदायिक केंद्र के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने पहले कार्यकाल में करीब एक करोड़ 87 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति प्रदान करते हुए धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करवाया था। निर्माण पर व्यय होने वाली राशि का नगर पालिका की तत्कालीन तकनीकी विंग पूर्ण आंकलन नहीं कर पाई। इसके चलते योजना अधर में लटक रह गई।
इन परिस्थितियों में निर्माण योजना को सिरे चढ़ाना नगर पालिका के लिए मुश्किलों की डगर बना रहा। अब योजना कार्य को सिरे चढ़ाने के लिए नगर पालिका की ओर से प्रारूप तैयार किया गया है। एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि सरकार की निर्माण विकास योजनाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहे।
पूर्व में सामुदायिक केंद्र भवन के लिए एक करोड़ 87 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था। निर्माण को पूरा करने के लिए अब करीब दो करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय से इनकी अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य को शुरू करवाया जाएगा।