संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर 8.25 लाख रुपये की ठगी करने के एक मामले में पुलिस ने आरोपी डिफेंस कॉलोनी कैथल निवासी अमन कुमार व गांव कोलेखां निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव हथो जिला जींद निवासी नरेश की शिकायत के अनुसार उसकी जिला जींद के गांव ढाकल निवासी विकास के साथ जान-पहचान थी। वह युवाओं को विदेश भेजने का काम करता था। विकास ने कहा था कि अगर उसका कोई जानकार हो तो बता देना, उसे बड़ी आसानी से किसी अच्छे देश भेज देगा। एक युवक को विदेश भेजने पर साढ़े 16 लाख रुपये खर्च होंगे।
उसने गांव के और उसकी रिश्तेदारी से पांच युवकों को विदेश भेजने को लेकर बात की थी। उनके कागजात आरोपितों के पास भेज दिए थे। विदेश जाने की चाह रखने वालों में उसके गांव के प्रदीप, प्रवीन, खेड़ी शेरखां निवासी सुशील, इस्माइलपुर निवासी अंकित और गौरव शामिल थे। सभी युवकों के कागजात विकास को दे दिए थे। विकास के कहने पर उसने मार्च 2023 में अलग-अलग आरोपियों को 8.25 लाख रुपये दे दिए थे।
उसने पूछा कि युवकों को विदेश कब भेज रहे हो तो वह गुमराह करता रहा। कुछ दिन बाद उसने मना कर दिया और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। उक्त दोनों आरोपी भी उक्त ठगी की वारदात में शामिल थे। दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए हैं।