कैथल। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों का असर कैथल में लगातार पड़ा है। मंगलवार को भी डेंगू के दो संक्रमित केस सामने आए हैं जबकि इससे पहले पिछले 48 घंटों में पांच संक्रमित केस सामने आए थे। कुल केसों की संख्या 24 हो गई है।
डेंगू के इन नए केसों के मिलने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग और अधिक सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग अभी तक 1200 से अधिक जगहों पर लारवा मिलने संबंधित जगह के मालिको को नोटिस दे चुका है। जिलेभर में 550 एएनएम डेंगू के लारवे की जांच कर रही है। वहीं, डेंगू के बचाव के लिए जिला प्रशासन की तरफ से हिदायतों को जारी किया गया है। प्रशासन ने जिले के लोगों से हर सप्ताह में रविवार को ड्राई डे मनाने की अपील की है।
डीसी जगदीश शर्मा ने कहा है कि बारिश के दिनों में मच्छर जनित बीमारियां पनपने की आशंका अधिक होती है। ऐसे में नागरिक डेंगू जैसी बीमारी से बचाव के लिए सावधानी बरतें। नागरिक अपने घरों के कूलर आदि को नियमित रूप से साफ करते रहें। कहा कि डेंगू के लक्षण एवं बचाव के बारे में जानकारी होना जरूरी है। ऐसे में जिला प्रशासन डेंगू से बचाव लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने घरों में पानी की टंकी को साफ रखें। कूलर आदि में मच्छर न पनपने दें, इसके लिए नियमित रूप से सफाई करते रहें। तेज बुखार, बदन, सिर एवं जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द, त्वचा पर लाल धब्बे या चकत्ते का निशान, नाक- मसूड़ों से या उल्टी के साथ रक्त स्राव होना डेंगू के लक्षण हैं। इन लक्षणों के साथ यदि तेज बुखार हो तो तत्काल नागरिक अस्पताल जाएं और अपना इलाज करवाएं। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक के पास जाएं और अपना उपचार लें।