कैथल। कैंटर चोरी के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी से पूछताछ के दौरान ट्रक व कैंटर चोरी के छह मामले सुलझे। पुलिस ने गांव फ्रांसवाला निवासी दीपक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है, जिनके कब्जे से दो चोरीशुदा कैंटर, 134 कट्टे खल व 14500 रुपये नकदी बरामद की जा चुकी है। दो आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए, जबकि चार आरोपियों का बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया गया। सीआईए-टू प्रभारी सबइंस्पेक्टर सत्यवान ने बताया कि 18 अगस्त की रात अमरगढ़ गामड़ी से मानस निवासी विक्रम का कैंटर चोरी करने के मामले में आरोपी अर्जुन नगर निवासी अजैब सिंह उर्फ अजय को सीआईए-टू पुलिस के एचसी प्रदीप कुमार द्वारा 27 अगस्त की शाम गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त मामले में आरोपी दीपक व फ्रांसवाला निवासी इकबाल खान पहले ही 19 अगस्त को गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनसे चोरीशुदा कैंटर बरामद करने के बाद पूछताछ की गई तो दोनों आरोपियों द्वारा गांव फ्रांसवाला निवासी सुमित व शौकिन के साथ मिलकर 18 अप्रैल की रात न्यू करनाल रोड कैथल पर राधे-राधे ट्रांसपोर्ट के पास से एक अन्य कैंटर चुराना कबूला गया।
मुंदडी निवासी रमेश कुमार की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में दर्ज मामले अनुसार उसके लाखों रुपये मूल्य के कैंटर को 18 अप्रैल की राम अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गए। दोनों आरोपियों का 20 अप्रैल को अदालत से पुलिस रिमांड हासिल कर जांच करते हुए वारदात में लिप्त सुमित उर्फ सोनू निवासी फ्रांसवाला को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों द्वारा चोरीशुदा कैंटर गोहाना निवासी सुनील को औने-पौन मूल्य में बेचना कबूला गया, जिनके कब्जे से 14 हजार 500 रुपये नकदी बरामद कर ली गई व आरोपी सुनील की तलाश की जा रही है।
एसआई सत्यवान ने बताया कि सीआईए-टू पुलिस के एसआई सतपाल सिंह ने आरोपी दीपक को छह जुलाई की रात हनुमान खल भंडार के साइड की गली में खड़ा खल लदा कैंटर चुराने के आरोप में गिरफ्तार कर जांच के दौरान इस वारदात में लिप्त अजय निवासी अर्जुन नगर कैथल भी गिरफ्तार कर लिया गया। हथीरा जिला कुरुक्षेत्र निवासी संदीप कुमार की शिकायत पर सात जुलाई को दर्ज मामले अनुसार वह अपने कैंटर में 214 कट्टे खल लोड करवाने उपरांत खाना खाने चला गया, तो इस मध्य अज्ञात व्यक्ति खल लदे कैंटर को चुरा ले गए। इस मामले में सीआईए पुलिस के एचसी जसमेर ने आरोपी शिवकुमार निवासी ठसका जिला सोनीपत व दीपक कुमार निवासी भैंसवान खुर्द को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा कैंटर बरामद कर लिया, जिनको यह कैंटर आरोपी दीपक व अजय द्वारा औने-पौने मूल्य में बेचा गया था। चारों आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से 134 कट्टे चोरीशुदा खल भी बरामद कर ली गई, जबकि शेष खल एक अन्य आरोपी के पास बताई गई है, जिसकी तलाश जारी है।
आरोपी दीपक फ्रांसवाला ने 28 मई की रात न्यू करनाल रोड स्थित भूषण ट्रांसपोर्ट के नजदीक से भी आयशर गाड़ी चुराकर दीपक भैंसवान व शिवकुमार ठसका को बेचनी कबूली है। इस मामले में मुंदड़ी निवासी भाग सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज है। दीपक फ्रांसवाला ने देवीगढ़ रोड स्थित त्रिमूर्ती कांडा के पास से 11 जून की रात आयशर जंबो गाड़ी चुराने के अतिरिक्त अपने साथी अजय अर्जुन नगर के साथ मिलकर चंदाना गेट नीलकंठ मंदिर के पीछे से पांच जून की रात महिंद्रा पिकअप गाड़ी चुराना भी कबूल किया, जिसके बारे में गाड़ी मालिक मनीष मेहर चंदाना गेट की शिकायत पर छह जून को थाना शहर में मामला दर्ज है। चारों आरोपियों का 28 अगस्त को उपरोक्त दो अलग-अलग मामलों में न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया गया।