संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी/ कैथल। फरल गांव के पास सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई खेत से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और कार कई बार पलट गई।
पूंडरी-ढांड रोड पर हुआ हादसा ः घटना फरल गांव स्थित पवन राणा भक्त के घर के पास हुई, जब पूंडरी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारी। इस हादसे में दोनों भाइयों अनिल (49) और रमन (40) की मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, अनिल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रमन को गंभीर अवस्था में कैथल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद कार कई पलटियां खाकर क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने कार से चालक को बाहर निकाला, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की आवाज़ दूर तक सुनाई दी और बाइक सवार सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरे थे।
पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। -राजेंद्र कुमार, एसएचओ, थाना पूंडरी
गांव में एक साथ जली दो चिताएं
गांव फरल में दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार साथ किया गया। अनिल को मुखाग्नि उनके बेटे राजन ने और रमन को उनके बड़े बेटे अभय ने दी। श्मशान घाट पर उपस्थित लोग बेटों के विलाप को देखकर भावुक हो उठे और अनेक ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
पारिवारिक स्थिति
मृतक अनिल की चार बेटियों और एक बेटे का पिता था, जबकि रमन के दो बेटे हैं। दोनों विवाहित थे और खेतीबाड़ी का कार्य करते थे।