कैथल। बलराज नगर में रात करीब डेढ़ बजे व्यापारियों पर हमला करने वाले दोनों बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। दोनों को वारदात से करीब दो घंटे पहले कालोनी में देखा गया था, लेकिन किसी को इस घटना का इल्म नहीं था।
घटनास्थल को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरफराज एवं उसके साथी प्रमोद ने बदमाशों से खूब मुकाबला किया होगा। डेयरी मालिक कर्मबीर सिंह और डेयरी से कुछ ही दूरी पर काम करने वाले उत्तर प्रदेश के इश्तगार ने बताया कि सरफराज व प्रमोद पिछले कई साल से पशुओं का व्यापार कर रहे हैं।
सोमवार को ही वे दोनों यूपी से आए थे। रात को 11 बजे तक कर्मबीर भी डेयरी में ही था। सामने ही एक मकान में रहने वाले युवक ने गली के नुक्कड़ के मकान के सामने दो युवकों को देखा था। इसके बाद वे सभी सो गए। लेकिन करीब डेढ़ बजे खून से लथपथ प्रमोद करीब एक एकड़ स्थित दूसरी गली में कर्मबीर के घर के बाहर पहुंचा तथा खिड़की थपथपा कर उन्हें जगाया। उसने उन्हें केवल इतना कहा, ‘मार दिया, गोली मार दी।’
पहले डेयरी के बाहर लगे बल्ब को उतारा
प्रमोद के शरीर से खून बह रहा था। उन्होंने उसे संभाला तथा जैसे ही वे डेयरी में पहुंचे तो देखा कि सरफराज औंधे मुंह फर्श पर गिरा हुआ था। पास ही एक गोली का खोल पड़ा था। प्रमोद ने बेहोश होने से पूर्व बताया कि दो युवक मुुंह पर कपड़ा लपेट कर आए थे।
दोनों ने उसे एवं सरफराज को गोली मारी है। इश्तगार ने बताया कि लुटेरे करीब 4.50 लाख रुपये भी लूट कर ले गए, लेकिन सरफराज की ऊपर वाली जेब में 50 हजार रुपये की राशि बच गई, जबकि उसने जो राशि पेट पर बांधी थी, वह लेकर लुटेरे फरार हो गए। लुटेरों ने पहले डेयरी के बाहर लगे बल्ब को उतारा। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। बल्ब सामने झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला था।
बीते साल भी हुई थी ऐसी ही घटना
मौके पर एकत्रित लोगों ने बताया कि करीब एक एकड़ तक खून से लथपथ प्रमोद ने हौसला दिखाया, जब उसने पास में पड़ा बांस उठाया तो लुटेरे भाग खड़े हुए। वारदात में छह गोलियां चलाई गईं, जिसमें दो गोलियां प्रमोद को तथा तीन गोलियां प्रमोद को लगीं। वहीं एक गोली दीवार में लगी हुई मिली।
सरफराज एवं सहित उसके साथी प्रमोद के तीन-तीन बच्चे हैं। जिले में भैंस व्यापारी की गोली मार कर हत्या के बाद लूट का यह दूसरा मामला है। पिछले साल गांव किठाना के निकट भी एक भैंस व्यापारी की हत्या करके हजारों रुपये की राशि लूटी गई थी।