संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवक पर तेजाब छिड़कर घायल करने के मामले में पुलिस ने 15 वर्षीय किशोर व अन्य आरोपी टयोंठा निवासी गौरव को गिरफ्तार किया है।
गांव टयोंठा निवासी मुकेश कुमार की शिकायत के अनुसार वह गांव में खेड़े के पास दूध की डेयरी पर काम करता है। सात दिन पहले डेयरी के मालिक हेमराज का पोता मोहित विदेश गया था। मोहित के पिता सुनील ने पार्टी रखी। वहां साहिल रोड़ मोहना भी आया हुआ था। नाचने को लेकर साहिल से झगड़ा हो गया। 30 जुलाई की शाम वह डेयरी में बैठा हुआ था। वहां साहिल, प्रवीन, सोनू, सैली नाई, गौरव, व रवि रोड मूंदडी आदि के साथ मोटरसाइकिल व गाड़ी में डेयरी पर आ गए।
आरोपियों ने उस पर देसी कट्टे से फायर करना चाहा, लेकिन कट्टा चला नहीं। फिर आरोपियों ने उसे डंडे व गंडासी से हमला कर घायल कर दिया। उनमें से एक आरोपी नवीन ने उसकी दुकान से तेजाब की बोतल उठाकर उसके मुंह पर छिड़क दी और गल्ले से एक लाख रुपये उठा लिए।
इस बीच शोर सुनकर लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इस बारे में थाना पूंडरी में मामला दर्ज था। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी गौरव के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है। आरोपी गौरव को न्यायालय के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जबकि किशोर को अदालत के आदेश अनुसार बाल सुधार गृह मधुबन करनाल भेजा गया है।