संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर युवक को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने सवालेपुर जिला रामपुर यूपी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2022 के दौरान जिला कैथल की सीआईए-1 पुलिस ने कोलकाता व मुंबई में बैठकर विदेश भेजने के नाम पर अपहरण करके रुपये ऐंठने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से युवक व युवतियों को आजाद करवाने में सफलता प्राप्त की थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की आगामी जांच के दौरान सीआईए-1 पुलिस ने गिरोह में शामिल आरोपी सवालेपुर जिला रामपुर यूपी निवासी देवेंद्र व प्रीत विहार कॉलोनी रुद्रपुर यूपी निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि बाकल गांव के रहने वाले अमृत पाल की शिकायत अनुसार उसका भाई विक्रम कनाडा जाना चाहता था। उसके ही गांव के अवतार सिंह के बातचीत के माध्यम से रुद्रपुर निवासी देवेंद्र व रिठौडा यूपी निवासी गुरुदेव सिंह उसके भाई को 28 अक्तूबर को कनाडा के लिए कहकर घर से ले गए, लेकिन वो पहले उसके भाई को कलकत्ता ले गए। वहां पर उन्होंने उसके भाई को बंधक बना लिया व उससे डॉलर छीन लिए। आरोपियों ने उसके भाई से मारपीट करके उससे 13 लाख रुपये की और मांग की।
इस बारे में थाना पूंडरी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था। पकड़े गए दोनों आरोपी एक युवक को कलकत्ता में बंधक बनाने के बाद फिरौती के पैसे लेने के लिए गांव हाबड़ी में आए थे। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद कर ली है। उक्त मामले में पहले ही 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिए गए।