संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में एएसआई जयपाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों गांव बेलेरखा निवासी रावल उर्फ राहुल और क्योड़क निवासी शेखर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से घटनास्थल की निशानदेही भी करवाई और फिर बाजार में पैदल परेड कराई।
थाना सदर एसएचओ एसआई कुलदीप ने बताया कि गांव क्योड़क निवासी सागर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार सागर सन सिटी कैथल में सीवरेज बोर का कार्य करता है और इंस्टाग्राम पर रील बनाकर साझा करता है। इसी बात को लेकर उसके ही गांव के निवासी शेखर ने उससे रंजिश पाल ली थी और सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां भी दी थीं।
मामला दर्ज, जांच जारी : घटना के बाद थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल और शेखर उक्त वारदात में अन्य आरोपियों के साथ शामिल थे। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
12 जून को किया हमला
पुलिस के अनुसार 12 जून की शाम सागर अपने साथी अजय उर्फ बुल्ला के साथ मोटरसाइकिल पर तेल लेने जा रहा था। जब वे क्योड़क मुख्य मार्ग स्थित एक ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी सामने से आई आई-20 कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार से गांव क्योड़क निवासी संगम, अंकित, रोहन, रॉकी और शेखर गंडासी, डंडे और रॉड लेकर बाहर आए। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर आए गांव क्योड़क निवासी अरुण, रोहित सहित 6-7 अन्य युवकों ने भी उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने गंडासी, डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट कर सागर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भाग गए।