कैथल। बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी राजौंद निवासी राकेश व विशाल को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। राजौंद निवासी राजिंद्र की शिकायत के अनुसार छह सितंबर को उसकी बाइक उसके मकान के पास से चोरी हो गई थी। थाना राजौंद में यह मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त दोनों आरोपियों ने उक्त बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी इससे पूर्व चोरी के अन्य मामले में कैथल जेल में बंद थे, जिनकी उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए थे। दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए हैं। संवाद
जेल में झगड़ा करने में वांछित आरोपी काबू
कैथल। जेल में झगड़ा करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी गांव खरकड़ा निवासी सर्वजीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर नौ जून 2022 को जिला जेल कैथल में एक बंदी पर हमला करके चोटें मारने का आरोप है। आरोपी को उक्त मामले में गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया था, लेकिन वह जमानत लेने उपरांत न्यायालय में दोबारा हाजिर नहीं हुआ था और भूमिगत हो गया था। आरोपी को 21 अगस्त 2024 को बेल जंपर घोषित किया था। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। संवाद
मारपीट के आरोप में तीन पर केस
कैथल। मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव बालू निवासी सुरेश ने कलायत थाना में शिकायत दी कि 25 नवंबर को शाम के समय आरोपी श्यामा, सन्नी व रवि ने उसके भाई मनेजर पर डंडे, लाठी व गंडासियों से हमला कर उसे घायल कर दिया। थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद