कैथल। पुलिस ने बाल विवाह करवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पीआरओ ने बताया कि 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी करवाने के मामले में बजीर खेड़ा निवासी काजल कुमारी व महाबीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रिश्ते में नाबालिग लड़की की बुआ व फूफा लगते हैं। करनाल शहर की एक कॉलोनी निवासी नाबालिग लड़की की शिकायत के अनुसार उसके माता पिता अलग-अलग रहते हैं।
उसकी मां ने दूसरी शादी की हुई है और वह उनके साथ रहती है। 24 मार्च को शिकायतकर्ता अपनी बुआ के साथ कैथल गई थी। जहां पर उसकी बुआ काजल कुमारी व फूफा महाबीर ने उसकी मर्जी के खिलाफ बालू निवासी सुनील के साथ उसकी शादी कर दी थी। वह नाबालिग है। शिकायत के बाद थाना कलायत में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में पहले ही आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।