कैथल। सीआईए-1 पुलिस की ओर से गाड़ी में डोडा पोस्त की तस्करी कर रहे आरोपी गांव चिंदर जिला फतेहबाद निवासी चंद्रपाल व गांव भोडिया जिला हिसार निवासी कपिल देव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि सीआईए-1 पुलिस टीम एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में मंगलवार देर शाम को गांव प्योदा के पास हरसौला चौक नेशनल हाईवे 152 पर मौजूद थी। पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक आई-20 गाड़ी में नशीला पदार्थ डोडा पोस्त लेकर नेशनल हाईवे 152 कलायत की तरफ से अंबाला की तरफ जाएंगे। उन्हें नाकाबंदी करके काबू किया जा सकता है। पुलिस ने हाईवे 152 के पास नाकाबंदी शुरू की। कुछ देर बाद बाद सूचना अनुसार गाड़ी की मौके पर पहुंची। पुलिस टीम के रुकने का इशारा करने पर आरोपी गाड़ी को मोड़कर भागने लगे जिन्हें पुलिस टीम ने मौके पर काबू कर लिया। कार की डिग्गी में रखे दो काले रंग के प्लास्टिक कट्टों से 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ थाना तितरम में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी। प्रयुक्त गाड़ी को जब्त कर लिया गया।