कैथल। तार चोरी करने के मामले में सीआईए-वन पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यूएचबीवीएन एसडीओ कैथल की शिकायत के अनुसार नैना में 33 केवी बिजली की लाइन लगाने का काम चल रहा था। 27 अप्रैल को वहां से अज्ञात आरोपियों ने 33 केवी लाइन के एसीएसआर कंडक्टर की 4500 मीटर तार चोरी कर ले गए। पूंडरी थाने में यह मामला दर्ज कराया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच सीआईए-वन प्रभारी एसआई जसवंत की टीम ने करते हुए गोहाना रोड सफीदों से आरोपी अख्त्यारपुर बुध जिला अमरोहा यूपी निवासी अखिल व शाहबाद डेयरी दिल्ली निवासी संजय को काबू कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टाटा एस गाड़ी व चोरीशुदा 1025 किलोग्राम तार बरामद की गई। आरोपी संजय को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि आरोपी अखिल का पुलिस ने चार दिन का रिमांड हासिल किया है। संवाद