कैथल। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोर और 315 बोर के दो अवैध देशी कट्टे बरामद किए हैं। इनमें एक कट्टे से कारतूस भी मिला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना राजौंद में प्राथमिकी दर्ज की है।
सौंगरी बस अड्डे पर पुलिस को देखकर जाने लगा किठाना का युवक
पुलिस के अनुसार एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम गांव देबन बस अड्डे पर अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि गांव किठाना निवासी कुलदीप के पास अवैध देशी कट्टा है और वह सौंगरी बस अड्डे पर किसी के इंतजार में खड़ा है। टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक युवक किठाना की तरफ जाने लगा जिसे टीम ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से 12 बोर का देशी कट्टा मिला। कट्टे में एक कारतूस भी बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
अनाज मंडी के गेट पर दबिश, 315 बोर का कट्टा मिला
दूसरे मामले में पुलिस टीम को गांव रोहेड़ा के पास मौजूदगी के दौरान सूचना मिली कि न्यू अनाज मंडी किठाना के मुख्य गेट पर किठाना निवासी अनील उर्फ सागर अवैध हथियार लेकर खड़ा है। टीम ने मौके पर दबिश दी तो पुलिस को देखकर एक युवक अनाज मंडी के अंदर जाने लगा। पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अनील उर्फ सागर निवासी किठाना अपना पता बताया। तलाशी में उसकी जेब से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। थाना राजौंद में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।