संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाखौली अड्डा स्थित शराब ठेके के सामने वीरवार रात हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने पुरानी रंजिश का खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी कुलदीप (निवासी मटौर, हाल स्टार सिटी कॉलोनी) ने बताया कि फरवरी 2014 में उसके भाई मंदीप की हत्या के मामले में अमित और दयालपुर निवासी राहुल का नाम सामने आया था। जीआरपी थाना कुरुक्षेत्र में इसकी प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसी रंजिश में अमित पर योजनाबद्ध तरीके से जानलेवा हमला किया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2015 में उक्त मामले में अमित और अन्य आरोपी बरी हो गए थे। आरोपियों ने घटना से पहले कई बार रेकी की थी, लेकिन अमित हाथ नहीं लगा। यह जानकारी एसपी उपासना ने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि बलराज नगर निवासी अमित ने शिकायत में कहा कि 19 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे वह अपने परिचित राहुल (निवासी जनकपुरी कॉलोनी) के साथ कार में जाखौली अड्डा स्थित शराब ठेके पर गया था। राहुल कैश लेने अंदर चला गया, जबकि अमित गाड़ी की आगे वाली सीट पर बैठा रहा। इसी दौरान मटौर निवासी संदीप वहां पहुंचा और देसी कट्टे से उस पर फायर कर दिया। पहली गोली निशाना चूक गई, जबकि दूसरी गोली ड्राइवर सीट पर जा लगी। अमित के अनुसार, संदीप के साथ खड़े एक युवक ने उसे बाहर निकलने की धमकी दी। डर के कारण वह गाड़ी की पिछली सीट से खिड़की के रास्ते कूदकर भाग गया।
अनाज मंडी तक किया पीछा ः अमित ने बताया कि चार युवक उसके पीछे दौड़े, जिनमें खरक पांडवा निवासी एक युवक भी शामिल था। दो अन्य युवकों को वह पहचान नहीं सका।
आरोपियों ने उसका पीछा करते हुए लगातार फायरिंग की। जब वह अनाज मंडी गेट के पास पहुंचा तो वहां भी संदीप पिस्टल लेकर आ गया और कई राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली अमित के दाहिने हाथ में लगी। घायल अवस्था में वह मंडी में खड़े एक ट्रक के पास छिप गया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। घायल अमित को सरकारी अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीमें गठित कर दी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुलदीप निवासी मटौर हाल स्टार सिटी कॉलोनी, कैथल को अनाज मंडी के पास से गिरफ्तार किया। इसके अलावा ग्योंग रोड के पास से करीब 17 वर्षीय जनकपुरी कॉलोनी निवासी एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। नाबालिग के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा सहित खाली खोल बरामद किया गया है। जो देसी कट्टा बरामद हुआ है वह अवैध है।
पुलिस का कहना है कि पकड़ से बाहर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घायल अमित का भी है आपराधिक रिकॉर्ड
जांच में सामने आया कि घायल अमित पर हत्या, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, झगड़ा, शराब तस्करी, चोरी और ठगी सहित करीब 21 मामले कैथल, कुरुक्षेत्र, भिवानी और जीआरपी थानों में दर्ज हैं।