बाइक चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल। दोपहिया वाहन चोरों पर शिकंजा कसते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने दो चोरीशुदा बाइक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कलायत निवासी सोमदत्त ने शिकायत दी थी कि 8 अगस्त को पुरानी नगर पालिका, कलायत के पास से उसकी बाइक चोरी हो गई थी। सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया था।
जांच के दौरान एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम ने जींद के गांव डाहोला निवासी अजय और शाही राम को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से दो बाइक बरामद हुईं—एक कलायत से चोरी की गई और दूसरी थाना पिल्लूखेड़ा, जिला जींद क्षेत्र से चोरी करने की बात आरोपियों ने स्वीकार की।
दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाद
बाइक को फूंक दिया
कैथल। देवबन गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाइक को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित रणधीर ने तितरम थाना पुलिस को बताया कि 8 अगस्त की रात उसने बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। 9 अगस्त को सुबह देखा तो बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद