सीआईए वन की टीम ने डंडे से हमला कर मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 29 मार्च को कुलविंद्र निवासी गांव बडथल जिला करनाल ने शिकायत दी थी कि 28 मार्च को शाम के करीब 9 बजे गांव सिद्धपुर व अंजनथली के बीच में सड़क पर फोन पर बात करते हुए घूम रहा था। उसी दौरान गांव अंजनथली की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक आये। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल उसके आगे लगाकर उसे डंडे से चोट मारकर व झाड़ियों में धक्का मारकर उससे मोबाइल छीनकर मौका से फरार हो गये थे। मामला दर्ज कर मामले की जांच की गई। 14 अप्रैल को उप निरीक्षक जयपाल की अध्यक्षता में टीम द्वारा आरोपी अजय निवासी भटपुरा जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश हाल किरायेदार अनाज मंडी के पीछे नीलोखेड़ी जिला करनाल व अमन निवासी स्टेशन एरिया नीलोखेड़ी को काली माता मंदिर नीलोखेडी के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी छीने गए मोबाइल को किसी ग्राहक को बेचने की फिराक में घूम रहे थे।