पुलिस ने फर्जी एटीएम के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर पुलिस ने एटीएम से जालसाजी पूर्वक नकदी हड़पने के मामले की जांच करते हुए धमतान साहिब जिला जींद निवासी आरोपी जोगिंद्र सिंह और दीपक उर्फ प्रवीण को गिरफ्तार कर दोनों आरोपियों का एक दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया था।
मामले में अंबुज निवासी गांव पुरवा उत्तर प्रदेश की शिकायत पर थाना शहर में दर्ज मामले के अनुसार 10 सितंबर 2019 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके बैंक खाता से धोखाधड़ी पूर्वक 13 हजार रुपये निकाले गए थे। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों से जब पुलिस द्वारा व्यापक पूछताछ की गई तो उन्होंने कबूला की 12 अगस्त 2019 को छोटू राम चौक कैथल पर एटीएम से पैसे निकलवा रहे अंबुज सिंह की मदद करने के बहाने उन्होंने उसके एटीएम का क्लोन बना लिया था। जिसकी मार्फत बोगस एटीएम तैयार करके उन्होंने उसके खाते से नकदी निकाल ली थी। इस मामले में आरोपियों के कब्जे से वारदात में उपयोग किए गए उपकरण पहले ही बरामद किए जा चुके हैं। दोनों आरोपी मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजे गए हैं।