ट्रक ड्राइवर व मालिक को समझाते मंडी एसोसिएशन व पुलिस प्रभारी। संवाद
कलायत। कलायत अनाज मंडी के मुख्य गेट पर रविवार को मिल में धान नहीं उतारे जाने से नाराज ट्रक चालक ने अपना वाहन सड़क के बीच खड़ा कर जाम लगा दिया। इससे रेलवे रोड पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम के कारण लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रक चालक ने आरोप लगाया कि वह समय पर धान से भरा ट्रक लेकर मिल पहुंचा था लेकिन मिल मालिक ने लेबर नहीं होने का हवाला देकर धान उतारने से मना कर दिया और उसे लौटा दिया। इससे उसका पूरा दिन बर्बाद हुआ और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। नाराज चालक ने ट्रक सड़क के बीच खड़ा कर दिया जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल और अनाज मंडी प्रधान रणदीप सहारण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक चालक को समझाया और उचित आश्वासन दिया। इसके बाद चालक ने ट्रक सड़क से हटा लिया और यातायात सुचारू हो सका।