कैथल। चंडीगढ़-हिसार हाईवे पर गुलमोहर सिटी के पास शुक्रवार को ट्रक और ऑटो की टक्कर में तीन आईटीआई छात्रों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो चालक और एक बच्चे को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
वहीं, शेष सात घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सभी छात्र कैथल आईटीआई से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे थेे। बताया जा रहा है कि ऑटो में 12 छात्र सवार थे। उधर, मरने वालों में एक छात्र कैथल के गांव सांघन, दूसरा गांव करोड़ा और तीसरा छात्र कठवाड़ का रहने वाला था। उधर, घटना देर शाम करीब चार बजे के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन तितरम मोड़ के पास पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, जींद रोड स्थित कैथल आईटीआई से सायं चार बजे छुट्टी के बाद 12 छात्र एक ऑटो में सवार होकर नेशनल हाईवे से होते हुए बस अड्डे की ओर जा रहे थे। गुलमोहर सिटी के पास सामने से आ रहे ट्रक के साथ ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ऑटो के ऊपर से निकल गया।
ऑटो में सवार बुरी तरह फंस गए। आसपास के लोगों ने छात्रों को निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां डॉक्टरों ने गांव करोड़ा निवासी सुखदेव एवं विक्रम कठवाड़ को मृत घोषित कर दिया। विक्रम का राजौंद आईटीआई में दाखिला हुआ था, लेकिन उसकी कक्षाएं कैथल में लगती थी।
वह इलेक्ट्रीशियन का कोर्स कर रहा था। उधर, गंभीर घायल गांव सांघन निवासी बिट्टू, ऑटो चालक जाखौली निवासी कपिल व एक अन्य पाई निवासी विद्यार्थी सचिन को पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन इस्माईलाबाद के पास बिट्टू ने भी दम तोड़ दिया।
ये हैं घायल
पिहोवा के गांव भट्ठा माजरा निवासी गुरविंद्र सिंह, पीड़ल निवासी विक्रम, धौंस निवासी बिंद्र, सोनू व अनिल तथा डीग निवासी सोनू, बरसाना निवासी रजत व कसान निवासी अमित कुमार को जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सभी कैथल आईटीआई में पढ़ते हैं। मारा गया सुखदेव फिटर और बिट्टू सांघन वेल्डर का कोर्स करता था। कसान निवासी अमित आरसीए मेकेनिक, गुरविंद्र सिंह आरसीए मेकेनिक, धौंस निवासी अनिल वायरमैन, विक्रम पीड़ल वायरमैन और रजत बरसाना वायरमैन का कोर्स कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई प्रिंसिपल भूपेंद्र सिंह, डीएसपी जोगेंद्र सिंह सहित थाना सिविल लाइन प्रभारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। अस्पताल पहुंच कर अधिकारियों ने घायलों की हालत का जायजा लिया। उधर, आईटीआई के तीन इंस्ट्रक्टर एवं चार बच्चे घायल छात्र के साथ पीजीआई भी गए। प्रिंसिपल भूपेंद्र सिंह ने बच्चों व स्टॉफ की सहायता से सभी छात्रों की पहचान की। डीएसपी जोगेंद्र सिंह ने कहा कि यह दर्दनाक हादसा है। पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पुलिस की संवेदनाएं बच्चों के माता-पिता के साथ हैं।
छुट्टी के बाद बच्चे बस अड्डे पर जा रहे थे। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हुआ है। सभी के इलाज में कोई कमी न रहे, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। पीजीआई रेफर घायल के साथ स्टॉफ सदस्य गए हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा स्टॉफ सभी परिजनों के साथ है।
भूपेंद्र सिंह, प्रिंसिपल, आईटीआई कैथल।