कैथल। बीते 14 अक्तूबर को नगर परिषद हाउस की बैठक स्थगित होने के बाद अब तक नई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि दिवाली तक शहर की लगभग 42 कालोनियों में रह रहे हजारों लोगों को वैधता का तोहफा नहीं मिल पाएगा। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ कालोनियों के सर्वे पर नगर परिषद को संशय है कि इनमें नियमों का पालन नहीं हुआ। ऐसे में कालोनियों को नियमित करने के लिए बैठक कब होगी? यह तो समय बताएगा, लेकिन दिवाली में तोहफे का इंतजार कर रहे लोगों को अब इंतजार करना पड़ सकता है।
कैथल जिले में कुल 152 कालोनियां नियमित की जानी हैं। इनमें से 53 कालोनियां डीटीपी कार्यालय की ओर से तो 99 कालोनियां नगर परिषद कैथल, नगर पालिका गुहला-चीका, कलायत, पुंडरी, राजौंद क्षेत्र में स्थित हैं। इन 99 में से नगर परिषद कैथल के क्षेत्र में 42 कालोनियां हैं, जिनमें हजारों की संख्या में लोगों की आबादी रहती है। इन कालोनियों को नियमित करने के लिए गत 14 अक्तूबर को हाउस की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें सबसे पहला मुद्दा कालोनियों को पास करने का था।
इसके बाद अज्ञात कारण बताते हुए बैठक को स्थगित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार 42 में से कुछ कालोनियों पर पेंच फंसा है। ये कालोनियां हाल ही में विकसित हुई बताई जा रही हैं, जिसमें कुछ औपचारिकताओं की कमी है। नगर परिषद की ओर से इन कालोनियों का फिर से सर्वे करवाया जाएगा, ताकि नियमों को पूरा करने वाली कालोनियां ही नियमित हो सकें। इन कालोनियों को लेकर कुछ लोग आशंकित हैं। इस कारण यह बैठक स्थगित हुई है। अब यह कब होगी? इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
नियमित होने पर ये दी जानी हैं सुविधाएं-
कालोनियों के वैध होने के बाद नगर परिषद के माध्यम से इन कालोनियों में सड़कें, गलियां, नालियां और अन्य सुविधाएं दी जानी हैं। लोग वर्षों से इन कालोनियों के नियमित होने का इंतजार कर रहे हैं। ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने बताया कि कालोनियों को नियमित करने सहित विभिन्न एजेंडों को लेकर बैठक बुलाई गई थी, जो किन्हीं कारणों से स्थगित हो गई। अब नई तिथि निर्धारित की जाएगी, जो कालोनियां नियमों पर खरा उतरेंगी, उन कालोनियों को नियमित किया जाएगा।