संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। करनाल-पटियाला हाईवे पर बने गहरे गड्ढे ग्रामीणों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हैं। नाराज वाहन चालकों का कहना है कि तमाम शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।
मंगलवार को भूसे से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली कौल में गुजर रही थी तो अचानक सड़क में बने गहरे गड्ढे में धंस गई। काफी मशक्कत के बाद जब सड़क में धंसी हुई ट्राली नही निकली तो क्रेन बुलाकर उसे गहरे गड्ढे से निकाला गया।
ग्रामीण प्रवीण कुमार, सतपाल, बलवान, सुभाष, ईश्मा ने बताया कि काफी दिनों से इस सड़क में गहरे जानलेवा गड्ढे बने हुए है। इस कारण वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को अपने वाहनों की रफ्तार को धीमा करना पड़ता है।
खस्ताहाल सड़क से कई वाहनों के एक्सल टूट चुके है और आए दिन वाहन गड्ढों में धंस जाते है। इससे वाहन चालकों का काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार इसकी शिकायत कर चुके है, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाए।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रविंद्र ने कहा कि यह मामला संज्ञान में यह मामला अभी ही आया है। ढांड से कौल तक सड़क में बने गहरे गड्ढों को शीघ्र ही ठीक करवा दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों तथा वाहन चालकों को कोई परेशानी नही आने दी जाएगी।