संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। वार्ड नंबर छह की मुख्य गली में सीवरेज के मेनहोल में से होने वाला ओवरफ्लो और नलों में आ रहा गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है। लोग इस कदर डरे और सहमे हैं कि बाजार से पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।
यह मेन गली नगर को सजूमा रोड़ से जोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक जाती है। घरों में लगातार आ रहे गंदे पानी को लेकर संतोष देवी, सरोज आदि महिलाओं का कहना है कि कई बार तो सरकारी नलों में इतना गंदा पानी आता है कि उसे पीना तो दूर सूंघा भी नहीं जा सकता।
कांता देवी, ओमपति, गौरव, रोशनी, बलदेव सिंह, हुक्म सिंह राणा, कमलेश, सुखपाल, सुशीला, पवन और रक्षा ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के काफी लोग दूषित पानी पीने से उलटी-दस्त के रोगों से परेशान हैं। यदि स्थिति यथावत बनी रहती है तो कोई भी बड़ी महामारी न केवल इस क्षेत्र को बल्कि पूरे नगर को अपनी चपेट में ले सकती है।
सोमपाल राणा, अशोक कुमार, सुबोध, राम सिंह, भीम सिंह, हरपाल, धूप सिंह, सुरेश राणा, राजपाल आदि ने कहा कि इस गली में ही नगर खेड़ा विराजमान हैं जिनकी पूजा के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। गली में लगातार निकलने वाले गंदे पानी से लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि सुबह नहा कर पूजा करने के लिए धार्मिक स्थल पर जाते हैं पर वहां तक पहुंचने के लिए गली में जमा सीवरेज के गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं लगातार आहत हो रही हैं। सुरेश राणा ने कहा कि गंदा पानी से निकलने वाली दुर्गंध लोगों के लिए परेशानी पैदा करती है।
इस पर विभाग के उपमंडल अधिकारी कुलदीप सिंह बताया कि समस्या उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने कहा कि सीवरेज जाम होने के पीछे मुख्य कारण गोबर को सीवरेज में बहा देना है। विभाग लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि गोबर सीवरेज में न बहाएं। उन्होंने यह भी कहा कि वे फील्ड स्टाफ को निर्देश दे रहे हैं कि जहां सीवरेज जाम है उसे खोलें। जहां नलों में गंदे पानी की समस्या है वे उस पर फील्ड स्टाफ को निर्देश दे रहे हैं कि तत्काल वस्तुस्थिति की समीक्षा कर समस्या का हल किया जाए।