राजौंद में लगी वाहनों की लंबी लाइनें
ढांड। कस्बे का पंचमुखी चौक इन दिनों जाम का केंद्र बन चुका है। धान सीजन के कारण चौक पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने से आए दिन लंबा जाम लग रहा है। बुधवार को भी यहां करीब 4 से 5 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही जिसमें किसान और अन्य लोग घंटों फंसे रहे।
जाम के कारण धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मंडी तक पहुंचने में देरी हो रही है, वहीं खेतों में धान की कटाई का काम भी प्रभावित हो रहा है। पंचमुखी चौक पर लगने वाले जाम का असर केवल किसानों और वाहन चालकों तक ही सीमित नहीं है बल्कि स्कूली बसें भी जाम में फंस जाती हैं।
लंबे समय तक बसों के जाम में फंसे रहने से स्कूल से घर लौटने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चों को घंटों जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों में कपिल, महेंद्र का कहना है कि धान सीजन में चौक पर यातायात की आवाजाही सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी बढ़ जाती है। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मंडी की ओर जाती हैं, जिसके कारण वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम लगने के बाद वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है।
राजौंद में लगी वाहनों की लंबी लाइनें