कैथल। अखिल भारतीय सिविल सेवा कुश्ती प्रतियोगिता (पुरुष और महिला) 2025-26 का आयोजन 26 से 28 फरवरी तक मंडी पडल ग्राउंड हिमाचल प्रदेश में किया जा रहा है। इसमें हरियाणा की ओर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन 24 फरवरी को सुबह 10 बजे महावीर स्टेडियम हिसार में किया जाएगा। ये जानकारी जिला खेल अधिकारी राज रानी ने दी।
उन्होंने बताया कि वेटलिफ्टिंग व पॉवरलिफ्टिंग प्रतियोगिता (पुरुष व महिला) 2025-26 का आयोजन पांच मार्च से 10 मार्च तक वेटलिफ्टिंग हॉल, स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स, सैक्टर-42, चंडीगढ़ में किया जा रहा है। वेटलिफ्टिंग व पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन 24 फरवरी को सुबह 10 बजे तेजली स्टेडियम, यमुनानगर में किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि वेटलिफ्टिंग व पॉवरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने अधिकारी और कर्मचारियों के पास संबंधित विभाग और कार्यालय का प्रमाणपत्र होना चाहिए। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आने व जाने का किराया संबंधित विभाग और खिलाड़ियों की ओर से वहन किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले अधिकारी व कर्मचारी टीए और डीए अपने विभाग से लेंगे। संवाद
ये नहीं होगा पात्र
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड की हिदायतों के अनुसार रक्षा सेवाओं, अर्धसैनिक बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों, पुलिस, आरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एनएसजी के वर्दीधारी कर्मी, स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी, दिहाड़ी एवं कैजुअल श्रमिक, अस्थायी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी तथा नए भर्ती हुए कर्मचारी, जिन्होंने नियमित सेवा में छह महीने से कम समय पूरा किया हो, वे कर्मचारी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होंगे।