संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिवाली पर्व के लिए बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ गई है। जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मुख्य बाजार में चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद करवा दिया है। कमेटी चौक से लेकर रेलवे गेट की तरफ पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई हैं ताकि न जाम लगे और न लोगों को परेशानी हो।
गौरतलब है कि चार पहिया वाहनों के कारण बाजार में भीड़ अधिक होती और जाम लगता है। इसलिए पुलिस प्रशासन ने पर्व को देखते हुए 75 से अधिक यातायात पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई हैं। इसमें अस्थायी नाके भी लगाएं हैं। पुलिस ने शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुख्ता प्रबंध किए हैं। इन कर्मचारियों को सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न स्थानों पर तैनात किया है।
शहर में भीड़भाड़ वाले स्थानों और रास्तों पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया है। कर्मचारी दिन-रात नाके लगाकर ड्यूटी कर रहे हैं। डीएसपी, एसएचओ, राइडर और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई हैं। तंग रास्तों से लेकर बड़े रास्तों पर पुलिस निगरानी कर रही है। दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे ठीक करवाने के लिए कहा गया है। शहर के अन्य मौजिज व्यक्तियों को भी सुरक्षा को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
यातायात थाना प्रभारी राजकुमार राणा ने कहा कि एसपी राजेश कालिया ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं, वहीं शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। साथ ही दुकानदारों से भी भी अपील की गई है कि अतिक्रमण न करें।
इन जगहों पर लगाए नाके
अंबाला रोड बाइपास चौक, करनाल रोड, चीका व जींद रोड पर स्थायी नाके लगाए जाते हैं। शहर में पुराना बस स्टैंड, सब्जी मंडी, रेलवे गेट, डोगरा गेट, सिरटा रोड, आईटीआई के पास, कमेटी चौक, माता गेट, भगत सिंह चौक, कोठी गेट व अन्य कई स्थानों पर अस्थायी नाके लगाए गए हैं। शरारती तत्वों पर भी निगरानी रखी गई है।
पुलिस ने बाजारों में होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए नाकाबंदी की हुई है। विभिन्न थानों के अंतर्गत आने वाले बाजारों में समय को ध्यान में रखते हुए नाके लगाए गए हैं, ताकि चोरी, स्नेचिंग व अन्य घटनाओं पर रोक लग सके और आवारा किस्म के शरारती तत्वों को पकड़ा जा सके। दिवाली का पर्व हर्षोल्लास से मनाएं और मेलजोल के साथ ग्रीन दिवाली मनाएं।
- राजेश कालिया, एसपी, कैथल।