राजौद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्र-छात्राओं को अक्षय रोग, मलेरिया, डेंगू व गैर संचारित रोगों के बारे में जागरूक किया। इस दौरान सीनियर टीबी सुपरवाइजर अनिल कुमार ने छात्र-छात्राओं को अक्षय रोग के लक्षण और उपचार के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कहा कि किसी भी व्यक्ति को 15 दिन से ज्यादा खांसी होना बुखार होना भूख कम लगना वजन का घटना रात को सोते समय पसीना आना या बलगम के साथ खून आना अक्षय रोग के लक्षण हैं। लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में अपनी बलगम की जांच करवानी चाहिए।
विनोद कुमार व राजेश कुमार स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं को बताया कि अपने घरों में आसपास पानी जमा न होने दें अगर कहीं पानी खड़ा हो तो उसमें काला तेल डाल दें ताकि मच्छर का लारवा न पनप सके। इसके साथ-साथ अपने घरों में रखें कूलर गमले, छत पर रखे टूटे-फूटे बर्तन व टायर आदि को सप्ताह में एक बार खाली कर दें और रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरी बाजू वाले कपड़े पहने। इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं को गैर संचारित रोग जैसे बीपी बढ़ना, मधुमेह व कैंसर जैसे रोगों के बारे में भी जागरूक किया। संवाद