संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की जिंदल मार्केट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड नंबर 10 के पास सेक्टर-19 स्थित पार्क की मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। इन दोनों विकास कार्यों पर नगर परिषद की ओर से करीब 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर परिषद ने वार्ड नंबर 24 स्थित जिंदल मार्केट में शौचालय निर्माण की योजना तैयार की है। बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अब इस समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
दुकानदार प्रदीप और विक्रम का कहना है कि शौचालय बनने से बाजार में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और ग्राहकों व राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से इस क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इसी योजना के तहत सेक्टर-19 स्थित पार्क में टूटे हुए बेंच और रास्तों की मरम्मत, हरियाली बढ़ाने, बैठने के लिए नई बेंच लगाने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने का कार्य किया जाएगा। इससे पार्क में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
दोनों विकास कार्यों की योजना तैयार कर ली गई है और संबंधित प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिंदल मार्केट में शौचालय निर्माण और सेक्टर-19 पार्क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने से शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। -दीपक जेई, नगर परिषद