संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। किसानों को 7501 धान का बीज लेने के लिए कड़कड़ाती धूप में कसरत करनी पड़ रही है। किसानों को कई-कई घंटों तक लाइन में लगने के बाद केवल एक ही थैली मिल रही है। इस कारण किसान काफी परेशान और हताश हो चुके हैं। आलम यह है कि धान के बीज की एक थैली के लिए भी किसानों को सुबह के समय लंबी कतार में लगना पड़ रहा है।
यही नहीं, बीज लेने के लिए पहुंचे पुरुष व महिला किसानों को बीज बांटने के लिए पुलिस को भी बुलाना पड़ रहा है। बीज लेने पहुंचे किसान महेंद्र सिंह पाबला, सतबीर, महेंद्र सिंह पबनावा, मेहर सिंह बंदराना, अजय साकरा, कर्मबीर कौल, जसपाल, बेगराज खेड़ी रायवाली, मेहर सिंह आहूं, राजेश, रणधीर, रीतिक ढांड, शांति देवी, अंगूरी,सलोचना बंदराना, दर्शनी देवी, किरण देवी चूहडमाजरा, बाला देवी, सुषमा, पिंकी टीक, नीलू, किरण देवी चंदलाना ने बताया कि सुबह सात बजे दुकान खुलने से पहले ही 7501 धान की बीज लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए थे।
10 बजे के बाद दुकानदार आया और उसके बाद बीज बांटना शुरू किया। बताया कि जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता गया, लेकिन उनका लक्ष्य बीज प्राप्त करना था। आखिरकार घंटों मशक्कत के बाद केवल एक ही थैली बीज की हाथ लगी। ना तो उसको छोड़ सकते है और ना ही उसको ले जाकर बो सकते है। क्योंकि एक थैली में तो एक एकड़ भी नही रोप सकते।
कृषि विभाग के एसडीओ राजेश का कहना है कि सवाना सीड्स के डीलर ज्योति फर्टिलाइजर ढांड पर पीआर धान 7501 की 480 थैली आई थी। जिनको पुलिस की मौजूदगी में किसानों की लाइनें लगाकर एक आधार कार्ड पर एक व्यक्ति को केवल एक ही थैली निर्धारित मूल्य 1715 रुपये के हिसाब से बंटवाई है।