गुहला-चीका। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी व स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से भाई मोती राम मेहरा की शहादत को समर्पित गुरमत समागम रविवार को गुरुद्वारा छठीं एवं नौवीं पातशाही में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर रागी जत्थे शबद-कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। गुरुद्वारा प्रबंधक सुरजीत मलिकपुर ने बताया कि भाई मोती राम मेहरा ने दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के छोटे साहिबजादों की ठंडे बुर्ज में दूध की सेवा की थी। जब माता गुजरी कौर तथा साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ठंडे बुर्ज में कैद थे, तब भाई मोती राम मेहरा ने उनकी सेवा में गर्म दूध पहुंचाया। इस सेवा के कारण मुगल शासक सूबा सरहिंद के आदेश पर भाई मोती राम मेहरा सहित उनके पूरे परिवार को कोल्हू में पिसवा कर शहीद कर दिया गया था। संवाद
सेवा की मिसाल बना प्रकाश पर्व का भंडारा ः निधि मोहन
पूंडरी। सिख धर्म के दसवें गुरु एवं खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर भारत विकास परिषद, फतेहपुर पुंडरी शाखा की ओर से लंगर व भंडारे का आयोजन श्रद्धा एवं सेवा भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर गुरु का लंगर ग्रहण किया। महिला सहभागिता प्रमुख निधि मोहन ने बताया की गुरु गोविंद सिंह के त्याग, बलिदान और मानवता के संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जी का जीवन समाज को समानता, साहस और सेवा की प्रेरणा देता है। आयोजन में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रवीण मित्तल, कोषाध्यक्ष राजेश , सचिव विकास सिंगला , डॉ. राजेश कुकरेजा , प्रभात गोयल , सोहन लाल , राजकुमार , सुनील मित्तल , डॉ मनीषा मंगल , नरेंद्र पटपटिया, नवीन टाया, मुनीश गर्ग , हर्ष सेठी , डॉक्टर मनोज मंगल आदि उपस्थित रहे। संवाद