संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चंदाना गेट स्थित एसएस बाल सदन स्कूल में अमर उजाला के युद्ध नशे के विरुद्ध कार्यक्रम के तहत शनिवार को नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं सहित स्कूल और सामाजिक संगठन के लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में चर्चा के दौरान बताया गया कि नशे के अवगुण से दूर रहने के लिए अच्छी संगति में रहना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में नशे की चपेट में न आने और इससे दूर रहने और बचने के तौर-तरीकों पर भी विचार किया गया। कार्यक्रम में सनातन धर्म मंदिर के प्रधान रविभूषण गर्ग ने कहा कि आज के समय हमारा युवा नशे की तरफ अधिक बढ़ रहा है। नशे की तरफ बढ़ने के बाद अपने परिवार और मित्रों सहित अन्य सगे संबंधियों को नुकसान पहुंचाते हैं इसलिए वे समाज के लोगों से अपील करते हैं कि अपने बच्चों को नशा की तरफ न पड़ने दें। उन्हें नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दें।
लॉ के छात्र कार्तिक बंसल ने कहा कि इस समय कॉलेज और विवि में आते ही युवा नशे की तरफ झुकने लगे हैं। यदि हमारा युवा स्कूल और कॉलेज से नशे के खिलाफ जागरूक होगा तो वह नशे से दूर हो पाएगा। यदि ऐसा होगा तो समाज में सकारात्मक प्रभाव होगा। युवा समीर ने कहा कि इस समय नशा काफी फैला है। इसलिए युवाओं को इसके नुकसान की जानकारी होना बेहद जरूरी है। युवाओं को लिए नशा काफी जानलेवा है। हमें नशे से बचना चाहिए। युवा खेल के माध्यम नशे से दूर रह सकता है।
स्कूल स्टाफ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि नशा से दूर रहने के लिए अच्छी संगति में रहना बेहद जरूरी है। इस समय अधिकतर युवा नशे की लत अपनी गलत संगति के कारण पड़ रहा है। गलत संगति से युवा दूर रहे और पढ़ाई और खेल में ध्यान देकर समाज में अपना नाम कमाएं।
अध्यापक मधु ने कहा कि आज के समय युवा जैसा देखते हैं, वे वैसा ही कर रहे हैं। यदि नशा से दूर रहेंगे तो समाज के एक सकारात्मक संदेश जाएगा कि किस प्रकार युवा नशे से दूर रहकर सफल हो सकता है।