गुहला-चीका। श्री भवानी मंदिर चीका में आदर्श नाटक क्लब की ओर से दशहरा पर्व के कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष रेखा रानी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए रेखा रानी ने कहा कि विजय दशमी का दिन अन्याय पर न्याय की, असत्य पर सत्य की और बुराई पर अच्छाई की जीत है।
उन्होंने कहा कि हम हर वर्ष रावण का पुतला फूंक बुराई को मिटाने दिखावा तो करते हैं लेकिन बुराई लगातार बढ़ती जा रही है। कहा कि यदि हमें वास्तव में बुराई को मिटाना है तो पहले अपने अंदर के रावण को मारना होगा।
इस मौके पर भवानी मंदिर कमेटी की ओर मंदिर परिसर में एक रसोई घर के निर्माण की मांग चेयरपर्सन के समक्ष रखी जिसे उन्होंने जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर 55 फूट के रावण का पुतला का दहन किया गया।
इससे पहले आदर्श नाटक क्लब की ओर से शहर में झांकी निकाली। आदर्श नाटक क्लब के प्रधान बलबीर सैनी, एसडी सभा के प्रधान राजीव शर्मा व सेवा समिति के प्रधान रमेश मिगलानी की तरफ से मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह, वाइस चेयरपर्सन पूजा रानी, राजेश पिंटू, पार्षद सुखबीर पहलवान, पार्षद रेखा रानी, मोती राम गर्ग, हंसराज जिंदल, गुरबक्स सीड़ा, भूषण शर्मा, कुलदीप भी मौजूद रहे।