संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। 34वीं राष्ट्रीय सीनियर वूशु प्रतियोगिता के लिए सरकारी वूशु सेंटर की तीन महिला खिलाड़ी कैथल से जयपुर के लिए रवाना हुईं। सरकारी कोच रीता रानी ने बताया कि 14 से 19 जून तक जयपुर में यह प्रतियोगिता होने जा रही है।
चौधरी छोटू राम इंडोर स्टेडियम, अंबाला रोड, कैथल में चल रहे सरकारी वूशु सेंटर की तीन महिला खिलाड़ी मोनिका (आरकेएसडी कॉलेज), ट्विंकल धीमान (आरकेएसडी कॉलेज), और राजपति राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयार हैं।
कोच रीता रानी ने बताया कि मई में आयोजित सीनियर राज्य प्रतियोगिता में मोनिका ने दो इवेंट्स में स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की। राजपति ने भी दो इवेंट्स में एक स्वर्ण, एक रजत, और एक कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुईं। ट्विंकल धीमान ने भी एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल कर अपनी जगह सुनिश्चित की।
तीनों खिलाड़ी वर्षों से वूशु का अभ्यास कर रही हैं और राज्य स्तर पर लगातार पदक जीत रही हैं। मोनिका ने इससे पहले दो बार ऑल इंडिया वूशु प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किए हैं और सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। राजपति ने भी दो बार ऑल इंडिया प्रतियोगिता में पदक जीते हैं और जूनियर एवं सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व किया है। तीनों ने इंटर कालेज वूशु प्रतियोगिताओं में भी स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। इस बार भी तीनों खिलाड़ियों ने मेहनत की है और उम्मीद है कि उनका प्रदर्शन शानदार रहेगा। खेल अधिकारी राजरानी राणा और कोच रीता रानी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।