कैथल। शहर के अंबाला रोड पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। सोमवार को थाना प्रभारी रमेश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहर करीब दो बजे तीन वाहनों के चालान किए। कार्रवाई के दौरान वाहनों को क्रेन की मदद से उठाकर यातायात थाना पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने दो वाहनों के 1500-1500 रुपये और एक अन्य वाहन का 500 रुपये का चालान किया। तीनों वाहनों पर कुल 3500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर वाहन चलाते समय जरूरी सावधानियां बरतें। नियमों की अनदेखी से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।